डाड़ी (रामगढ़)।
डाड़ी प्रखंड मुख्यालय में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कनकी एवं हुवाग पंचायत के पंचायत सेवक प्रभु नारायण सिंह को 2500 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। एसीबी की टीम ने करीब डेढ़ घंटे तक चली छापामारी और पूछताछ के बाद आरोपी पंचायत सेवक को अपने साथ हजारीबाग ले गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हुवाग पंचायत निवासी मोहम्मद अलीजान प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ पाने के लिए लंबे समय से प्रयास कर रहे थे। इसी क्रम में पंचायत सेवक द्वारा उनसे अवैध रूप से रिश्वत की मांग की गई। परेशान होकर पीड़ित ने इसकी शिकायत एसीबी हजारीबाग से की।
शिकायत की सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद एसीबी की टीम ने जाल बिछाकर पंचायत सेवक को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान प्रखंड परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
एसीबी की इस कार्रवाई की खबर फैलते ही डाड़ी प्रखंड कार्यालय के बाहर लोगों की भीड़ जुट गई। पूरे प्रखंड क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति देखी गई। बताया जा रहा है कि इस कार्रवाई का नेतृत्व एंटी करप्शन ब्यूरो के एस. लकड़ा कर रहे थे, जिनके साथ अन्य अधिकारी और कर्मी भी मौजूद थे।
फिलहाल एसीबी की टीम आरोपी पंचायत सेवक से पूछताछ कर रही है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। इस कार्रवाई के बाद प्रखंड स्तर पर भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश गया है।
