कई लोगों की त्वचा बेहद संवेदनशील होती है, जिसके कारण उन्हें सामान्य साबुन का उपयोग करने पर भी एलर्जी की समस्या हो सकती है। विशेषज्ञों के अनुसार, साबुन से होने वाली एलर्जी को नजरअंदाज करना त्वचा के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन सकता है। समय रहते इसके लक्षणों की पहचान और उपचार जरूरी है।
ऐसे पहचानें एलर्जी के लक्षण
सोप एलर्जी होने पर त्वचा पर लाल रैशेज, खुजली, जलन और दर्द जैसी समस्याएं दिखाई दे सकती हैं। आमतौर पर साबुन के इस्तेमाल के 24 से 48 घंटे के भीतर ये लक्षण नजर आने लगते हैं। कुछ गंभीर मामलों में रैशेज पर छाले भी पड़ सकते हैं। ऐसी स्थिति में तुरंत त्वचा विशेषज्ञ से संपर्क करना चाहिए।
क्या है एलर्जी की वजह?
विशेषज्ञों के मुताबिक, साबुन में इस्तेमाल होने वाले खुशबू, रंग और अन्य रासायनिक तत्व कई लोगों की त्वचा को प्रभावित कर सकते हैं। जब ये केमिकल्स त्वचा के संपर्क में आते हैं, तो शरीर का इम्यून सिस्टम प्रतिक्रिया देता है, जिससे एलर्जी की समस्या उत्पन्न हो सकती है।
खुजली होने पर रखें सावधानी
यदि प्रभावित हिस्से में खुजली हो रही है, तो नाखून से खुजलाने से बचें। ऐसा करने से संक्रमण बढ़ सकता है और त्वचा को स्थायी नुकसान पहुंच सकता है। लंबे समय तक एलर्जी को नजरअंदाज करने से त्वचा की रंगत भी प्रभावित हो सकती है।
डिटर्जेंट से भी हो सकती है परेशानी
सिर्फ साबुन ही नहीं, बल्कि कई क्लीनिंग प्रोडक्ट्स और डिटर्जेंट भी एलर्जी का कारण बन सकते हैं। ऐसे उत्पादों का इस्तेमाल करते समय हाथों में दस्ताने पहनना और त्वचा की उचित देखभाल करना बेहतर विकल्प माना जाता है।
