Dhanbad News : बीसीसीएल क्षेत्रों में अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ ‘जीरो कोल लीकेज टॉलरेंस पॉलिसी’ के तहत सीआईएसएफ का अभियान लगातार जारी है। शुक्रवार को चलाए गए विशेष अभियान में 26.20 टन अवैध कोयला और दो मोटरसाइकिल जब्त की गईं।
सीआईएसएफ की बीसीसीएल यूनिट ने गोविंदपुर, कतरास और सिजुआ एरिया में अलग-अलग जगहों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान गोविंदपुर एरिया के बमबनडीहा बस्ती के पास से 6 टन, कतरास एरिया के लकड़का 09 नंबर बस्ती से 0.30 टन कोयला और दो बाइक, जबकि सिजुआ एरिया के लोयाबाद से 19.90 टन कोयला बरामद किया गया।
सीआईएसएफ ने बताया कि जब्त किए गए कोयले और वाहनों को लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
सीआईएसएफ के अनुसार, अवैध खनन, कोयला चोरी और अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए बीसीसीएल क्षेत्रों में नियमित गश्त, ड्रोन निगरानी और क्विक रिस्पांस टीम (QRT) की तैनाती लगातार की जा रही है। आने वाले दिनों में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।
सीआईएसएफ ने लोगों से अपील की है कि यदि उन्हें अवैध खनन, कोयला चोरी या संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिले तो इसकी सूचना 9341528406 पर मैसेज के माध्यम से दें, ताकि समय पर कार्रवाई कर राष्ट्रीय संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
