Ranchi Press Club : प्रोजेक्ट भवन (मुख्य सचिवालय) में पत्रकारों के प्रवेश पर लगाए गए प्रतिबंध को लेकर रांची प्रेस क्लब ने कड़ी आपत्ति जताई है। क्लब ने इसे प्रेस की स्वतंत्रता और जनता के सूचना के अधिकार के खिलाफ बताते हुए राज्य सरकार और मुख्य सचिव से इस व्यवस्था को तत्काल वापस लेने की मांग की है।
प्रेस क्लब की ओर से जारी बयान में कहा गया कि गुरुवार को नियमित रिपोर्टिंग के लिए प्रोजेक्ट भवन पहुंचे पत्रकारों को सुरक्षा कर्मियों ने प्रवेश से रोक दिया। सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि उन्हें वरिष्ठ स्तर से मिले निर्देश के आधार पर पत्रकारों की एंट्री रोकने को कहा गया है। साथ ही यह भी कहा गया कि यदि किसी पत्रकार को अंदर जाना है तो संबंधित अधिकारी या कर्मचारी की अनुमति मिलने के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा।
रांची प्रेस क्लब ने कहा कि सचिवालय जैसे महत्वपूर्ण सरकारी परिसर में पत्रकारों की पहुंच सीमित करना लोकतांत्रिक व्यवस्था के अनुरूप नहीं है। क्लब का कहना है कि स्वतंत्र और निष्पक्ष पत्रकारिता लोकतंत्र की आधारशिला है और प्रशासनिक या मौखिक निर्देशों के जरिए उसे बाधित नहीं किया जाना चाहिए।
प्रेस क्लब ने यह भी कहा कि पत्रकार किसी एक अधिकारी से मिलने नहीं जाते, बल्कि अलग-अलग विभागों से जानकारी जुटाकर जनहित के मुद्दों की रिपोर्टिंग करते हैं। ऐसे में हर बार किसी अधिकारी की अनुमति लेना व्यावहारिक नहीं है और इससे पत्रकारों के काम पर सीधा असर पड़ेगा।
क्लब ने चेतावनी दी कि यदि यह व्यवस्था जारी रहती है तो सरकार की योजनाओं और नीतिगत फैसलों से जुड़ी प्रमाणिक जानकारी लोगों तक पहुंचने में बाधा आएगी, जिससे अपुष्ट और भ्रामक सूचनाओं के फैलने की आशंका बढ़ सकती है। प्रेस क्लब ने कहा कि जरूरत पड़ने पर पत्रकार हितों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से आगे की कार्रवाई भी की जाएगी।
