आलोक सिंह बने रालोमो के प्रदेश अध्यक्ष, हिमांशु पटेल महासचिव

Dayanand Roy
3 Min Read

पटना : राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) में टूट और विधायकों के पार्टी छोड़ने की  सियासी अटकलों के बीच पार्टी प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने शुक्रवार को  डैमेज कंट्रोल करते हुए संगठन में बड़ा बदलाव किया है।

उपेंद्र कुशवाहा ने दिनारा विधानसभा सीट से विधायक आलोक कुमार सिंह को पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। वहीं ,प्रशांत पंकज और सुभाष चंद्रवंशी को प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष बनाया है। इसके साथ ही हिमांशु पटेल को प्रधान महासचिव और निवर्तमान प्रभारी प्रदेश अध्यक्ष मदन चौधरी को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष  बनाया गया है।  

उल्लेखनीय है कि हाल ही में पटना में रालोमो प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा से पार्टी के वरिष्ठ नेता माधव आनंद और आलोक सिंह ने मुलाकात की थी। इसी बैठक में संगठन के पुनर्गठन को लेकर चर्चा हुई और आलोक सिंह को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर सहमति बनी थी। फिलहाल माधव आनंद विधानसभा में रालोमो विधायक दल के नेता हैं।

जबकि उपेंद्र कुशवाहा की पत्नी स्नेहलता कुशवाहा पार्टी की सचेतक हैं। ऐसे में प्रदेश अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी आलोक सिंह को देकर पार्टी में नेतृत्व संतुलन साधने की कोशिश की गई है। मालूम हो कि लोकसभा चुनाव के दौरान रालोमो के प्रदेश अध्यक्ष मदन चौधरी ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। वहीं तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष रमेश कुशवाहा जदयू में शामिल हो गए थे।

जबकि कुशवाहा के बेटे दीपक प्रकाश को मंत्री बनाए जाने के बाद से विधायक नाराज चल रहे थे। ऐसे में उपेंद्र कुशवाहा ने विधायक दल के नेता माधव आनंद के बाद अब विधायक आलोक सिंह को नई जिम्मेदारी सौंपी है।

आलोक सिंह को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने का फैसला केवल संगठनात्मक नहीं, बल्कि रणनीतिक भी माना जा रहा है। आलोक सिंह शाहाबाद क्षेत्र से आते हैं, जहां रालोमो अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करना चाहती है।

साथ ही इसे जातीय संतुलन साधने की कवायद के तौर पर भी देखा जा रहा है। उपेंद्र कुशवाहा जहां कुशवाहा समाज से आते हैं। वहीं, आलोक सिंह राजपूत समुदाय से हैं। ऐसे में कुशवाहा–राजपूत समीकरण के जरिए पार्टी अपने सामाजिक आधार का विस्तार करना चाहती है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *