भाजपा को केरल में मिला पहला मेयर, वीवी राजेश महापौर निर्वाचित

Dayanand Roy
1 Min Read

 

तिरुवनंतपुरम : भारतीय जनता पार्टी के नेता वीवी राजेश शुक्रवार को तिरुवनंतपुरम नगर निगम के महापौर निर्वाचित हुए। भाजपा ने निगम के 101 वार्डों में से 50 पर जीत हासिल की है जो केरल के किसी नगर निगम में उसकी पहली जीत है।

शुक्रवार को हुए महापौर चुनाव में राजेश को एक निर्दलीय पार्षद के समर्थन सहित कुल 51 वोट मिले। वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) के पी शिवाजी को 29 वोट मिले जबकि संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) उम्मीदवार के एस सबरीनाथन को 19 वोट प्राप्त हुए जिनमें से दो को बाद में अवैध घोषित कर दिया गया।

 तिरुवनंतपुरम निगम कार्यालय में राज्य अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर, पूर्व केंद्रीय मंत्री वी मुरलीधरन और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के सुरेंद्रन व अन्य वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में राजेश ने महापौर पद की शपथ ली। भाजपा ने करीब चार दशकों के एलडीएफ शासन को समाप्त कर निगम की सत्ता हासिल की है।

 राज्य के अन्य निगमों में कोल्लम नगर निगम में यूडीएफ के ए के हफीज और कोच्चि नगर निगम में चार बार की पार्षद रहीं यूडीएफ की वी के मिनीमोल महापौर चुनी गईं। त्रिशूर नगर निगम में यूडीएफ की डॉ. निजी जस्टिन महापौर बनीं।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *