रांची : वरिष्ठ पत्रकार, रांची विश्वविद्यालय के पूर्व प्रतिकुलपति, रांची प्रेस क्लब के संस्थापक सदस्य और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. (प्रो) वीपी शरण का गुरूवार को निधन हो गया। डिपाटोली स्थित क्यूरेस्टा अस्पताल में उन्होंने आखिरी सांस ली।
उनके निधन से रांची के मीडिया जगत, शिक्षा जगत और कांग्रेस पार्टी में शोक की लहर है। डॉ वीपी शरण के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि उनके निधन से कांग्रेस पार्टी के एक मजबूत और स्तंभ खो दिया।
यह पार्टी के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि डॉ. वीपी शरण का उनके ऊपर काफी स्नेह रहा और कांग्रेस के कार्यक्रमों में उनकी भूमिका हमेशा सक्रिय रूप से रही। उन्होंने बताया कि डॉ वीपी शरण, कांग्रेस के कई महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए संगठनात्मक रूप से कांग्रेस को मजबूती प्रदान करने में अपनी महती भूमिका निभाई थी।
प्रो. वीपी शरण वर्ष 2021 से किडनी संबंधी बीमारी से पीड़ित थे और लंबे समय से उनका इलाज चल रहा था। उनके निधन से परिवार, शुभचिंतकों और उनके सहयोगियों में शोक की लहर है। कांग्रेस नेता राकेश सिन्हा ने बताया कि वे अपने पीछे पुत्री और दामाद को छोड़ गए हैं। प्रो. डॉ. वेद प्रकाश शरण रांची विश्वविद्यालय में प्रो वाइस चांसलर के पद पर कार्यरत रहे थे।
इसके अलावा उन्होंने सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची में राजनीति विज्ञान विभाग के अध्यक्ष (एचओडी) के रूप में सेवाएं दीं और वहीं से सेवानिवृत्त हुए थे। वह लंबे समय तक सेंट जेवियर्स कॉलेज में पत्रकारिता विभाग के निदेशक भी रहे।
उन्होंने रांची प्रेस क्लब के संस्थापक संयुक्त सचिव पद पर रहते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया था। प्रो. वीपी शरण ने तीन दशकों से भी अधिक समय तक पत्रकारिता की। वह लंबे समय तक स्टेट्समैन से जुड़े रहे. राजनीतिक जीवन में भी वे सक्रिय रहे और कांग्रेस की झारखंड प्रदेश इकाई के पूर्व मुख्य प्रवक्ता के रूप में उनकी भूमिका उल्लेखनीय रही।
उनके निधन पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, राकेश सिन्हा, सतीश पॉल मुंजनी, रवीन्द्र सिंह, संजय लाल पासवान, जयशंकर पाठक, राजीव रंजन प्रसाद,जगदीश साहू, सोनाल शांति, कमल ठाकुर, आभा सिन्हा, रमा खलखो अभिलाष साहु, राजन वर्मा, कामेश्वर गिरि, उज्ज्वल तिवारी, कुमार राजा, राकेश किरण महतो आदि ने भी अपनी संवेदना प्रकट की।
प्रो. (डॉ.) वेद प्रकाश शरण के निधन पर रांची प्रेस क्लब की ओर से गहरी संवेदना प्रकट की गई। रांची प्रेस क्लब के संस्थापक सदस्य रहे डॉ. वीपी शरण के निधन को पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए अध्यक्ष शंभुनाथ चौधरी, उपाध्यक्ष, सचिव, संयुक्त सचिव, कोषाध्यक्ष एवं कार्यकारिणी सदस्यों ने कहा कि हमने अपना संरक्षक और अभिभावक को खो दिया है। ईश्वर दिवगंत की आत्मा को शांति प्रदान करे।
