भाजपा के भ्रष्टाचारियों को आइना दिखाए बिना सरकार पर आरोप लगाने का बाबूलाल मरांडी को नैतिक अधिकार नहीं : विनोद पांडेय

Dayanand Roy
3 Min Read

रांची : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी की ओर से लगाये गए आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए झामुमो महासचिव सह प्रवक्ता विनोद पांडेय ने सोमवार को कहा कि भाजपा नेताओं का काम अब केवल झूठ, दुष्प्रचार और बेबुनियाद आरोपों तक सीमित हो गया है। जब वे खुद सत्ता में थे, तब उन्होंने डीएमएफटी फंड और खनन क्षेत्र से मिलने वाले संसाधनों का किस प्रकार दुरुपयोग किया, यह झारखंड की जनता अच्छी तरह जानती है।

उन्होंने कहा कि डीएमएफटी का गठन ही खनन प्रभावित क्षेत्रों में स्थानीय जनता के हितों के लिए किया गया था, लेकिन भाजपा की पूर्ववर्ती रघुवर सरकार के कार्यकाल में इस फंड का सबसे दुरुपयोग हुआ। उस समय पंचायतों और गांवों में पारदर्शिता तो छोड़िए, एक भी योजना धरातल पर नजर नहीं आई। खनन कंपनियों से मिलीभगत कर भाजपा के नेताओं ने फंड की लूट मचाई।

विनोद पांडेय ने कहा कि आज जब मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सरकार पूरी पारदर्शिता के साथ खनन प्रभावित इलाकों में स्कूल, आंगनबाड़ी, सड़क, बिजली, पानी और स्वास्थ्य सुविधाओं पर काम कर रही है, तब भाजपा को यह रास नहीं आ रहा है। भाजपा का काम सिर्फ़ सवाल उठाना है, लेकिन जब केंद्र सरकार से झारखंड को न्याय की मांग की जाती है, तब वही भाजपा खामोश हो जाती है।

उन्होंने कहा कि बाबूलाल मरांडी यह बताएं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार ने झारखंड के डीएमएफटी फंड के उपयोग को लेकर कभी कोई सहयोग क्यों नहीं किया? क्यों खनन कंपनियों के पक्ष में ढेरों छूट दी गईं और राज्य के हिस्से की लाखों करोड़ों की रकम रोकी गई? भाजपा को बताना चाहिए कि जब वे सत्ता में थे, तब खनन प्रभावित परिवारों को कितनी राहत मिली?

झामुमो प्रवक्ता ने कहा कि राज्य की हेमंत सोरेन सरकार जनता के लिए प्रतिबद्ध है और भाजपा चाहे जितने आरोप लगाए, सच्चाई यही है कि भाजपा भ्रष्टाचार की जननी है। जिनके नेता खुद घोटालों में जेल जा रहे हैं, उन्हें झारखंड की ईमानदार सरकार पर सवाल उठाने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।

विनोद पांडेय ने स्पष्ट किया कि भाजपा का उद्देश्य जनता की भलाई नहीं बल्कि राजनीतिक साजिश रचना है। जनता सब देख रही है और समय आने पर भाजपा को इसका जवाब जरूर देगी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *