Home » रिनपास के शताब्दी दिवस कार्यक्रम में बोले हेमंत : जल्द ही रिनपास को बदलते देखेंगे

रिनपास के शताब्दी दिवस कार्यक्रम में बोले हेमंत : जल्द ही रिनपास को बदलते देखेंगे

by Dayanand Roy

रिनपास के 100 साल पूरे होने पर टेलीमेडिसीन सेवा का शुभारंभ किया गया

रिनपास की जरूरतों की समीक्षा कर उसे पूरा किया जायेगा

बच्चों के एडमिशन में जो समस्या आ रही है उसे दूर करने की दिशा में काम करेंगे

रिनपास के 100 साल पूरे होने पर डाक टिकट का विमोचन किया गया

संस्थान के 100 वर्षों के सफर पर आधारित डॉक्यूमेंट्री भी दिखायी गयी और मानसिक स्वास्थ्य पर आधारित चार पुस्तकों का भी विमोचन किया गया

रांची : सभी जल्द ही रिनपास को बदलते कलेवर में देखेंगे। आने वाले समय में रिनपास की विस्तृत समीक्षा की जाएगी, और यहां क्या-क्या चीज बेहतर की जा सकती है उस पर काम किया जाएगा। मुझे बताया गया कि यहां 50 बच्चों का हर साल शैक्षणिक एडमिशन होना होता है, जिस पर समस्या आ रही है, इस पर हम कार्य करेंगे। मैं आप लोगों को आश्वस्त करता हूं कि बहुत जल्द रिनपास को बदलते हुए हम सभी लोग देखेंगे।

गुरूवार को ये बातें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहीं। वे संस्थान के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित शताब्दी दिवस कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। हेमंत ने कहा कि जिन लोगों ने आज से 100 वर्ष पहले ऐसे संस्थान की परिकल्पना की होगी, उनकी सोच बहुत दूर की रही होगी। मुझे लगता है कि आने वाले समय में ऐसे संस्थानों की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण होने जा रही है।

रिनपास को लेकर बहुत कम लोग इस बात के लिए तैयार होते होंगे कि उन्हें यहां आने की जरूरत पड़े। 1925 में मानव मनःस्थिति की क्या स्थिति रहती होगी मुझे पता नहीं, लेकिन वर्तमान में मानव मनःस्थिति जरूर परेशान करने वाली है। ऐसे में रिनपास जैसे संस्थानों की आवश्यकता तेजी से बढ़ रही है। आपने ऐसी खबरें पढ़ी होंगी कि लोग यहां अपने परिजनों को छोड़ कर चले जाते हैं। इस स्थिति को बदलना है और इसके लिए अवेयरनेस प्रोग्राम चलाया जायेगा।

रिनपास की पुरानी बिल्डिंग धवस्त कर नयी बिल्डिंग बनेगी

कार्यक्रम में झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने कहा कि मानसिक बीमारियों से ग्रसित लोगों के लिए रिनपास उम्मीद की किरण और सहारा है। रिनपास को हम और अच्छा और बेहतर बनायेंगे। इसकी पुरानी बिल्डिंग को ध्वस्त कर नयी बिल्डिंग बनायी जायेगी। यहां टेलीमेडिसीन सेवा शुरू हो चुकी है उसके जरिये गांव-गांव और पंचायतों तक लोगों का इलाज होगा। स्वासथ्य सेवा के क्षेत्र में बेहतरी के लिए जल्द ही सिम्स 2 की स्थापना की जायेगी।

नर सेवा नारायण सेवा के मंत्र को धरातल पर उतारा

कार्यक्रम में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि रिनपास अपनी स्थापना के 100 साल पूरे कर चुका है। किसी भी संस्था के लिए 100 साल बहुत होते हैं। संस्थान ने इन वर्षों में नर सेवा-नारायण सेवा के मंत्र को धरातल पर उतारा है। इस संस्थान का इंफ्रास्ट्रक्चर बड़ा करना होगा और संस्थान को विश्वस्तरीय बनाना होगा।

रिनपास को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में डेवलप करेंगे : डॉ अमूल रंजन सिंह

रिनपास के स्थापना दिवस समारोह के मौके पर रिनपास के डायरेक्टर डॉ अमूल रंजन सिंह ने कहा कि संस्थान मानसिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में देश के चुनिंदा संस्थानों में से एक है। यहां न सिर्फ मरीजों का निशुल्क इलाज किया जाता है बल्कि उन्हें दो महीने की दवा भी फ्री दी जाती है। यही वजह है कि यहां से ठीक होनेवाले मरीजों की दर अधिक है। संस्थान को और बेहतर करते हुए इसे सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित किया जायेगा।

इस मौके पर रिनपास के पूर्व के निदेशकों, सुपरिटेंडेंट और फैकल्टी मेंबर को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के हाथों सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कांके विधायक सुरेश बैठा, खिजरी विधायक राजेश कच्छप, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय, रिनपास के डायरेक्टर अमूल रंजन सिंह, निमहांस बंगलुरू की डायरेक्टर, रिनपास गवर्निंग काउंसिल के सदस्य डॉ पांडेय रविभूषण प्रसाद समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Comment