नयी दिल्ली: साहित्य अकादमी ने साल 2025 के लिए हिंदी में सुशील शुक्ल को बाल साहित्य पुरस्कार तथा पार्वती तिर्की को युवा पुरस्कार देने की बुधवार को घोषणा की।
अकादमी ने अलग अलग बयान जारी कर बताया कि सभी 24 भाषाओं में बाल साहित्य पुरस्कार और 23 भाषाओं में युवा पुरस्कार देने के लिए रचनाकारों का चयन किया गया है। बयान के मुताबिक, अकादमी के सचिव के. श्रीनिवास राव ने बताया कि संस्था के अध्यक्ष माधव कौशिक की अध्यक्षता में अकादमी के कार्यकारी मंडल ने युवा पुरस्कार 2025 एवं बाल साहित्य पुरस्कार 2025 की घोषणा की।
उनके मुताबिक, बैठक में 23 युवा लेखकों की पुस्तकों एवं 24 बाल साहित्यकारों के लिए 2025 के पुरस्कार अनुमोदित किए गए।
उन्होंने बताया कि इन पुस्तकों को त्रिसदस्यीय निर्णायक मंडल ने निर्धारित चयन प्रक्रिया का पालन करते हुए पुरस्कार के लिए चुना है। उनके मुताबिक, डोगरी भाषा का युवा पुरस्कार बाद में घोषित किया जाएगा।
अकादमी हिंदी, अंग्रेजी, उर्दू, बांग्ला, पंजाबी, राजस्थानी, उर्दू और संस्कृत समेत 24 भारतीय भाषाओं में साहित्य अकादमी पुरस्कार, युवा पुरस्कार, बाल साहित्य पुरस्कार तथा अनुवाद पुरस्कार प्रदान करती है।
बयान के मुताबिक, हिंदी में शुक्ल को उनकी कहानी ‘एक बटे बारह’ के लिए प्रतिष्ठित बाल साहित्य पुरस्कार देने का फैसला किया गया है।
बयान में कहा गया है कि इसके अलावा अंग्रेजी में नितिन कुशलप्पा एमपी को ‘दक्षिण, साउथ इंडियन मिथ्स एंड फैब्लस रीटोल्ड’ (कहानी), उर्दू में गज़नफर इकबाल को ‘कौमी सितारे’ (लेख) व मैथिली में मुन्नी कामत को ‘चुक्का’ (कहानी) के लिए बाल साहित्य पुरस्कार से नवाज़ा जाएगा।
इसके मुताबिक, बांग्ला में त्रिदिब कुमार चट्टोपाध्याय को ‘एखोनो गाये कांटा देय’ (कहानी), गुजराती में कीर्तिदा ब्रह्मभट्ट को ‘टिंचक’ (कविता), मराठी में सुरेश सावंत को ‘आभालमाया’ (कविता) और पंजाबी में पाली खादिम (अमृत पाल सिंह) को ‘जादू पत्ता’ (उपन्यास) के लिए बाल साहित्य पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
बयान में कहा गया है कि अकादमी राजस्थानी में भोगीलाल पाटीदार को ‘पंखेरुवं नी पीड़ा’ (नाटक), संस्कृत में प्रीति पुजारा को ‘बाल विश्र्वम्’ (कविता), संथाली में हरलाल मुर्मू को ‘सोना मिरु-अग संदेश’ (कविता) और नेपाली में साड़्मु लेप्चा को ‘शांति वन’ (उपन्यास) के लिए बाल साहित्य पुरस्कार से नवाज़ने का फैसला किया है।
बयान के मुताबिक, असमिया में सुरेंद्र मोहन दास को ‘मैनाहंतर पद्द’ (कविता), बोडो में बिनय कुमार ब्रह्मा को ‘खान्थि बोसोन आरो आखु दानाय’ (कहानी), डोगरी में पी.एल. परिहार ‘शौक’ को ‘नन्हीं टोर’ (कविता), कोंकणी में नयना आडारकार को ‘बेलाबायचो शंकर आनी हेर काणयो’ (कहानी) तथा मणिपुरी में शांतो एम. को ‘अंगंगशिंगगी शन्नाबुंगसिदा’ (नाटक) के लिए बाल साहित्य पुरस्कार मिलेगा।
इसमें कहा गया है कि तेलुगु में गंगिसेट्टी शिवकुमार को ‘काबुरला देवता’ (कहानी), तमिल में विष्णुपुरम सरवणन को ‘ओत्तराई सिरगू ओविया (उपन्यास), सिंधी में हीना अगनानी ‘हीर’ को ‘असमानी परी’ (कविता), ओड़िया में राजकिशोर परही को ‘केते फूला फुटिची’ (कविता), मलयालम में श्रीजित मुतेडत को ‘पेंग्विनुकालुडे वंकारायिल’ (उपन्यास), कन्नड में के. शिवलिंगप्पा हण्दिहल को ‘नोटबुक’ (कहानी) और कश्मीरी में इजहार मुबाशिर को ‘शुर्य त् चुर्यगिश्य’ (कहानी) के लिए पुरस्कृत किया जाएगा।
वहीं, एक अन्य बयान में, राव ने बताया कि हिंदी में युवा पुरस्कार पार्वती तिर्की को उनके कविता-संग्रह ‘फिर उगना’ के लिए प्रदान किया जाएगा।
