पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के लिए आवंटित आवास अब उनकी पत्नी रूपी सोरेन के लिए आजीवन आवंटित
झारखंड राज्य विस्थापन एवं पुनर्वास आयोग के गठन की नियमावली को भी मिली मंजूरी
रांची : झारखंड में कलाकारों, साहित्यकर्मियों और नाट्यकर्मियों की चिरप्रतीक्षित मांग पूरी करने की दिशा में सरकार ने कदम बढ़ा दिया है। मंगलवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में आयोजित कैबिनेट की बैठक में राज्य में ललित कला अकादमी, साहित्य अकादमी और संगीत नाट्य अकादमी के गठन के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गयी।
इसके अलावा झारखंड राज्य विस्थापन एवं पुनर्वास आयोग के गठन की नियमावली को भी मंजूरी दे दी गयी। आयोग में अध्यक्ष समेत दो सदस्य रहेंगे। आयोग के अध्यक्ष को दस साल तक पुनर्वास से संबंधित विषयों का अनुभव होना अनिवार्य रहेगा।
आयोग के दो सदस्यों में एक प्रशासनिक सेवा के सेवानिवृत अधिकारी और दूसरे रिटायर्ड जिला और सत्र न्यायाधीश होंगे। इसके अलावा कैबिनेट ने पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के लिए आवंटित आवास को उनकी पत्नी रूपी सोरेन को आजीवन आवंटित करने के भी प्रस्ताव को मंजूरी दी। कैबिनेट की बैठक में कुल 67 प्रस्ताव को मंजूरी दी गयी।
दो चरणों में परीक्षा लेगा जेपीएससी
कैबिनेट की बैठक में झारखंड कर्मचारी चयन आयोग परीक्षा (स्नातक स्तर तकनीकी/विशिष्ट योग्यता वाले पद) संचालन नियमावली, 2017 में आवश्यक संशोधन की स्वीकृति दी गई। इसके तहत विशिष्ट योग्यता वाले पदों के लिए झारखंड कर्मचारी चयन आयोग दो चरणों में परीक्षा लेगा।
लेकिन यदि परीक्षा के लिए 50,000 से कम आवेदकों ने आवेदन किया तो परीक्षा नहीं ली जायेगी। वहीं, राज्य की मरांग गोमके पारदेशीय छात्रवृति योजना, 2020 जिसे वर्ष 2022 में संशोधित किया गया था में कोटिवार छात्रों की अनुमानित संख्या में बढ़ोत्तरी को भी मंजूरी दी गयी।
पांच डॉक्टरों की बर्खास्तगी पर कैबिनेट की मुहर
झारखंड कैबिनेट की बैठक में पांच डॉक्टरों की बर्खास्तगी पर मुहर लगी। बर्खास्त होनेवाले डॉक्टरों में डॉक्टर फरहाना, डॉ ज्योति कुमारी, डॉक्टर भावना, डॉक्टर इंद्रनाथ प्रसाद और डॉक्टर रिंकू सिंह के नाम शामिल हैं।
इसी तरह वाणिज्य कर विभाग के पांच कर्मियों को सेवा नियमितिकरण तथा अन्य वित्तीय लाभ देने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गयी। इसमें नवल किशोर सिंह, स्वर्गीय जेम्स दानियल टोप्पो, ललिता लकड़ा, विजय सिन्हा और गुलाम अंसारी के नाम शामिल हैं।
