हुसैनाबाद विधायक संजय सिंह यादव एक बार फिर बने प्रदेश राजद अध्यक्ष, 2 उम्मीदवारों के नामांकन रद्द होने से विवाद

Dayanand Roy
2 Min Read

रांची : हुसैनाबाद से विधायक संजय सिंह यादव एक बार फिर प्रदेश राजद अध्यक्ष चुने गए हैं। वे  अधिकृत रूप से 19 जून को राजद के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष घोषित किए जाएंगे। राजद प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए 14 जून को संजय सिंह यादव, अभय सिंह और सदाकत हुसैन अंसारी ने नामांकन दाखिल किया था। लेकिन सोमवार को हुई स्क्रूटनी के बाद केवल संजय सिंह यादव का नामांकन वैध पाया गया।

राज्य के मुख्य निर्वाची पदाधिकारी गिरधारी गोप ने अभय सिंह और सदाकत हुसैन अंसारी के नामांकन पत्रों में त्रुटि बताते हुए उन्हें खारिज कर दिया। इसके साथ ही संजय सिंह यादव को राजद के आगामी संगठनात्मक कार्यकाल (2025-28) के लिए प्रदेश अध्यक्ष घोषित कर दिया गया। जारी आधिकारिक पत्र के मुताबिक, एकमात्र वैध उम्मीदवार होने के कारण उनका निर्वाचन निर्विरोध हुआ।

हालांकि, स्क्रूटनी के दौरान विवाद की स्थिति भी उत्पन्न हुई। पार्टी कार्यालय से बाहर निकलते हुए अभय सिंह ने आरोप लगाया कि नामांकन में प्रस्तावक के तौर पर राज्य परिषद सदस्य की अनिवार्यता का नियम मनमाने ढंग से लागू किया गया।

उन्होंने इसे “एकतरफा कार्रवाई” बताया और विरोध जताया। उनके समर्थक अजीत कुमार मुकुल के साथ मिलकर उन्होंने जोरदार आपत्ति दर्ज कराई, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया और कार्यालय में पुलिस की तैनाती करनी पड़ी।

दूसरे अपदस्थ उम्मीदवार सदाकत हुसैन अंसारी ने भी नामांकन खारिज होने को अनुचित ठहराया और मामले को पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के सामने उठाने की बात कही है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *