उदयपुर में आइटी कंपनी की मैनेजर से सामूहिक दुष्कर्म: सीइओ, एग्जीक्यूटिव हेड और उसका पति गिरफ्तार

Dayanand Roy
2 Min Read

 

नई दिल्ली : उदयपुर शहर में एक निजी आईटी कंपनी की प्रबंधक के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले में कंपनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि अदालत ने तीनों आरोपियों को पुलिस हिरासत में भेजा है। पुलिस के अनुसार, आरोपी सीईओ जितेश सिसोदिया ने पिछले शनिवार को अपनी जन्मदिन पार्टी रखी थी जिसमें पीड़िता भी आमंत्रित थी।

मेरठ के रहने वाले दूसरे आरोपी गौरव सिरोही और कंपनी में एग्जीक्यूटिव हेड उसकी पत्नी को भी गिरफ्तार किया गया है। उदयपुर के पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल ने बताया, “आरोपियों को सुखेर पुलिस थाने की पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार किया। इन्हें बृहस्पतिवार को अदालत में पेश किया गया जहां से उन्हें चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।” पुलिस के अनुसार, घटना गत शनिवार रात की है। जन्मदिन की पार्टी के बाद सभी मेहमान चले गए तो पीड़िता अकेली रह गई। पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसे घर छोड़ने के बहाने कंपनी की महिला एग्जीक्यूटिव हेड ने उसे अपनी कार में बिठाया।

महिला का पति और कंपनी का सीईओ भी कार में थे। तीनों महिला को घर छोड़ने के लिए निकले। आरोप है कि रास्ते में उन्होंने एक दुकान से सिगरेट जैसी कोई चीज खरीदी और महिला को दी। उसके इस्तेमाल के बाद वह बेहोश हो गई।

पुलिस ने बताया कि अगली सुबह उसे यौन उत्पीड़न का अहसास हुआ और उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराने का फैसला किया। शिकायत के आधार पर तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया और उन्हें गिरफ्तार किया गया। पीड़िता का मेडिकल मुआयना किया गया और बयान दर्ज किए गए।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *