रांची : डीसी मंजूनाथ भजंत्री तथा एसएसपी चंदन सिन्हा ने गुरूवार को राजधानी के विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इस मौके पर मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि सभी पूजा पंडाल सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि पंडालों में अग्नि सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक उपाय सुनिश्चित किए जाएं। उपायुक्त ने श्रद्धालुओं की सुविधा और भीड़ प्रबंधन के लिए प्रत्येक पंडाल में अलग-अलग एंट्री गेट और एग्जिट गेट की समुचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। इसी तरह दुर्गापूजा पंडालों में निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए जेनरेटर की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
साथ ही, विद्युत तारों और उपकरणों की सुरक्षा जांच पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। उन्होंने पूजा समितियों को जिला प्रशासन के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सहायता के लिए संपर्क में रहने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी चंदन सिन्हा ने पूजा समितियों से अपील की कि वे भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था में जिला प्रशासन का पूर्ण सहयोग करें। उन्होंने कहा कि पंडालों के आसपास यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए भी विशेष उपाय किए जाएंगे।
इस दौरान उनके साथ रांची के अपर जिला दंडाधिकारी, राजेश्वर नाथ आलोक, रांची एसपी, अजीत कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सदर उत्कर्ष कुमार, कार्यपालक अभियंता पथ निर्माण, जिला नजारत उप समाहर्ता रांची, डॉ. सुधेश कुमार, सहायक प्रशासक राँची नगर निगम, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी राँची, उर्वशी पाण्डेय, कार्यपालक अभियंता विद्युत तथा अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

