कांग्रेस और राजद का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए अभद्र भाषा का प्रयोग लोकतंत्र को कलंकित करनेवाला : अमित शाह

Dayanand Roy
2 Min Read

नई दिल्ली : गृहमंत्री अमित शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी मां के लिए कांग्रेस और राजद की ओर से अभद्र भाषा के प्रयोग की निंदा की है। उन्होंने गुरूवार को कहा कि बिहार के दरभंगा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी स्वर्गीय माताजी के लिए कांग्रेस और आरजेडी के मंच से जिस प्रकार गालियों से भरी अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया है, वह न केवल निंदनीय है, बल्कि हमारे लोकतंत्र को भी कलंकित करने वाला है।

राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की राजनीति अपने निम्न स्तर पर आ पहुंची है। उनको यह बर्दाश्त नहीं हो पा रहा है कि कैसे एक गरीब मां का बेटा बीते 11 वर्षों से प्रधानमंत्री पद पर बैठा हुआ है और अपने नेतृत्व में देश को निरंतर आगे ले जा रहा है।

यह साफ दर्शाता है कि कांग्रेस पार्टी अपने उस चाल-चरित्र में वापस लौट आई है, जिसके माध्यम से उसने हमेशा देश की राजनीतिक संस्कृति में जहर घोलने का काम किया।

गुजरात के मुख्यमंत्री काल से लेकर आज तक गांधी परिवार ने मोदी जी के खिलाफ नफरत फैलाने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी है। परंतु अब तो इन्होंने मर्यादा की सारी सीमाएं लांघ दी हैं। यह हर मां का, हर बेटे का अपमान है, जिसके लिए 140 करोड़ देशवासी उन्हें कभी माफ नहीं करेंगे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *