गुजरात के वडोदरा में पुल का एक हिस्सा ढहा, चार वाहन नदी में गिरे, आठ लोगों की मौत

Dayanand Roy
3 Min Read

वडोदरा : गुजरात के वडोदरा जिले में बुधवार सुबह एक पुल का कुछ हिस्सा ढह जाने से कई वाहन नदी में गिर गए। अधिकारियों ने यह जानकारी देते हुए बताया कि चार दशक पुराने पुल के ढहने की घटना में आठ लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य को बचा लिया गया।

गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री ऋषिकेश पटेल ने कहा कि गंभीरा पुल का एक ‘स्लैब’ ढह जाने से पांच से छह वाहन महिसागर नदी में गिर गए। महिसागर नदी पर स्थित गंभीरा पुल मध्य गुजरात और राज्य के सौराष्ट्र क्षेत्र को जोड़ता है। पटेल ने मीडियाकर्मियों को बताया, ‘‘तीन लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य को बचा लिया गया है।”

उन्होंने कहा कि पुल का निर्माण 1985 में हुआ था और समय समय पर तथा जरूरत पड़ने पर इसका रखरखाव किया जाता था। मंत्री ने कहा, ‘‘घटना के वास्तविक कारण की जांच की जाएगी।” उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने तकनीकी विशेषज्ञों को घटनास्थल पर पहुंचने और हादसे के कारण की जांच का निर्देश दिया। घटना के दृश्यों में दो खंभों के बीच पुल का पूरा स्लैब ढहता हुआ नजर आ रहा है।पादरा के पुलिस निरीक्षक विजय चरण ने इससे पहले कहा था कि घटना सुबह करीब साढ़े सात बजे हुई तथा दो ट्रक और दो वैन समेत कुछ वाहन नदी में गिर गए।

एक अधिकारी ने बताया कि वडोदरा दमकल विभाग की टीम और स्थानीय लोगों की मदद से बचाव अभियान चलाया जा रहा है।

अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की एक टीम भी बचाव उपकरण के साथ घटनास्थल रवाना हो गई है। करीब 900 मीटर लंबे गंभीरा पुल के 23 खंभे हैं और यह गुजरात के वडोदरा और आणंद जिलों को जोड़ता है। इसका उद्घाटन 1985 में हुआ था।

कांग्रेस ने पुल टूटने की घटना के बाद एक्स पर पोस्ट किया। लिखा कि इस हादसे में कई वाहन नदी में गिर गए, जिसके चलते कुछ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई व कई लोग घायल हैं। कांग्रेस परिवार पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता है। साथ ही ईश्वर से प्रार्थना है कि वे घायलों को शीध्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें। ये हादसा ‘गुजरात मॉडल’ के नाम पर हुए जमकर भ्रष्टाचार की पोल खोल रहा है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *