नई दिल्ली/रायबरेली: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और रायबरेली से कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि देश में जल्द ही एक बड़ा आर्थिक तूफान आने वाला है, जिसका असर सबसे अधिक उत्तर प्रदेश और देश के युवाओं, किसानों, मजदूरों तथा छोटे व्यापारियों पर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि इस संकट का झटका उद्योगपति अदाणी, अंबानी या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नहीं लगेगा, बल्कि आम जनता को इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। रायबरेली दौरे के दौरान पत्रकारों से बातचीत में राहुल गांधी ने आशंका जताई कि आने वाला समय बेहद कठिन होने वाला है और पिछले कई वर्षों में ऐसा आर्थिक दबाव देखने को नहीं मिला होगा।
प्रधानमंत्री पर साधा निशाना
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि वह देश के लोगों को विदेश यात्राएं कम करने की सलाह दे रहे हैं, जबकि स्वयं लगातार दुनिया भर के दौरे कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार जनता की समस्याओं पर कार्रवाई करने के बजाय केवल बयानबाजी कर रही है। कांग्रेस नेता ने कहा कि आर्थिक हालात तेजी से बिगड़ रहे हैं और इसका असर आम नागरिकों के जीवन पर साफ दिखाई देगा।
रायबरेली पहुंचने पर हुआ स्वागत
दो दिवसीय दौरे पर मंगलवार को रायबरेली पहुंचे राहुल गांधी का लखनऊ हवाई अड्डे पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय, राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी, सांसद तनुज पुनिया, कांग्रेस विधायक दल की नेता आराधना मिश्रा और अन्य नेताओं ने स्वागत किया। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता भी वहां मौजूद रहे।
