पचंबा में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, 2 नाबालिग लड़कियां मुक्त; 3 गिरफ्तार

गिरिडीह के पचंबा में पुलिस ने कथित देह व्यापार और मानव तस्करी से जुड़े गिरोह का भंडाफोड़ कर दो नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया तथा तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।

Dayanand Roy
2 Min Read

Minor Girls Rescued : गिरिडीह जिले के पचंबा थाना क्षेत्र में पुलिस ने नाबालिग लड़कियों से जबरन देह व्यापार कराने वाले कथित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने छापेमारी कर दो नाबालिग लड़कियों को सुरक्षित मुक्त कराया, जबकि एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। गिरिडीह एसपी डॉ. बिमल कुमार को सूचना मिली थी कि पचंबा थाना क्षेत्र के बोड़ो इलाके में कुछ लोग नाबालिग लड़कियों को डराकर-धमकाकर और मारपीट कर कथित रूप से देह व्यापार के लिए मजबूर कर रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया।

एसआईटी ने बोड़ो स्थित एक किराये के मकान में छापेमारी कर दोनों नाबालिग लड़कियों को बरामद किया। पुलिस के मुताबिक, पीड़ित लड़कियों ने बयान में आरोप लगाया कि एक महिला उन पर मानसिक और शारीरिक दबाव बनाती थी। इसके आधार पर पचंबा थाना में कांड संख्या 52/26 (26 मई 2026) दर्ज किया गया है। मामले में BNS की संबंधित धाराओं और POCSO Act के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई है।

पुलिस ने मामले में क्रांति देवी, मो. तौफिक अंसारी और मुशरफ अंसारी को गिरफ्तार किया है। साथ ही कथित रूप से इस्तेमाल की जा रही एक लाल रंग की मारुति सुजुकी ब्रेज़ा कार भी जब्त की गई है।

पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संभावित लोगों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *